किसानों के लिए खुशखबरी: फल-सब्जी ट्रांसपोर्टेशन पर 90% सब्सिडी, ऐसे करें आवेदन
खेतों में सब्जियों के उत्पादन अथवा बाग से निकले फलों को बाजार तक पहुंचाने के बाद ही किसानों को उसका उचित मूल्य मिल पाता है। लेकिन अक्सर असुरक्षित तरीके से फल और सब्जियों को बाजार तक पहुंचाने के दौरान काफी उपज उठा-पटक के कारण खराब हो जाती है। इससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है और उनकी मेहनत का सही दाम नहीं मिल पाता है।
इन्हीं समस्याओं को देखते हुए बिहार सरकार ने किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण योजना शुरू की है। कृषि विभाग द्वारा अनुदानित दरों पर किसानों को प्लास्टिक क्रेट, फ्रूट ट्रैप बैग और लेनो बैग उपलब्ध कराए जाएंगे। इन सामग्रियों के उपयोग से फल और सब्जियों को सुरक्षित रूप से बाजार तक पहुंचाया जा सकता है, जिससे उपज की गुणवत्ता बनी रहती है और किसानों को अच्छी कीमत मिलने में सुविधा होती है।
इस योजना का लाभ सिर्फ उन्हीं किसानों को मिलेगा जो विभाग के डीबीटी पोर्टल पर निबंधित होंगे। इसका लाभ सिर्फ उत्पादक किसानों को ही मिलेगा। साथ ही, तीन साल के अंदर योजना का लाभ ले चुके किसानों को इस साल योजना का लाभ नहीं मिलेगा। तीनों प्रकार की सामग्री पर सरकार द्वारा 90 प्रतिशत अनुदान देय है। इसके लिए किसानों को हॉर्टिकल्चर बिहार सरकार की वेबसाइट (https://horticulture.bihar.gov.in/) पर जाकर आवेदन करना होगा। आवेदन का सत्यापन पहले किया जाएगा, इसके बाद ही किसानों का आवंटन स्वीकृत होगा और उनके मोबाइल पर संदेश भेज दिया जाएगा।
